दमोह/भोपाल। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर ग्राम बांसा तारखेड़ा के पास शुक्रवार शाम को एक बेकाबू ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी और फिर बाइक को भी अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
देहात थाना पुलिस के अनुसार ट्रक सागर से दमोह की ओर आ रहा था, जबकि बोलेरो दमोह से सागर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पीछे से आ रहे बाइक सवार भी ट्रक की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो ड्राइवर और साथ में बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार दो लोगों ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही डायल 112, सागर नाका चौकी पुलिस और देहात थाना प्रभारी अमित गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी के मिलने के बाद एसडीएम सौरभ गंदर्भ, तहसीलदार पारुल चौधरी और रघुनंदन चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिल के अनुसार, मृतकों की पहचान राजू चौधरी और धर्मेंद्र पुत्र राघवेंद्र सिरवइया के रूप में हुई, जो मगरोन के रहने वाले थे। बाइक सवार मृतकों की पहचान जीवन अहिरवार (39) और लखन अहिरवार के रूप में हुई। दोनों सगे भाई थे और बांसा तारखेड़ा के रहने वाले थे।
मृतक सूरज के भाई ने बताया कि दोनों भाई बाइक से दमोह आ रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटा भाई जीवन इंदौर में जॉब करता था। सूरज घर पर खेती-बाड़ी करता था।
दमोह तहसीलदार रोबिन सिंह ने बताया कि हादसा शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे गुलाब बाबा मंदिर के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो और बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ियों पर खून के छींटे नजर आए।
हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और सागर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गाड़ियों में फंसे घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चारों शव जिला अस्पताल लाए गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया, वहीं कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। बाद में जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया गया।











