श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सम्हारपुरवा गांव निवासी किन्नू (70) के रूप में हुई है। जो बंटीहवा चौराहे पर कपड़े प्रेस कर जीवन यापन करते थे। यह घटना बांठिहवा पुलिस चौकी के सामने स्थित तालाब में हुई। जानकारी के अनुसार, किन्नू प्रतिदिन मोहरनिया गांव स्थित अपनी बेटी के घर सुबह और शाम भोजन करने जाते थे। गुरुवार को भी वह बेटी के घर से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बांठिहवा पुलिस चौकी के सामने तालाब के किनारे शौच के लिए गए। वहां अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे मुंह के बल तालाब में गिर पड़े। बताया जा रहा है कि तालाब गहरा होने के कारण किन्नू बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी डूबने से मौत हो गई। आसपास मछली पकड़ रहे लोगों ने जब बुजुर्ग को तालाब में पड़ा देखा तो उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक किन्नू की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनका कोई पुत्र नहीं था और केवल एक विवाहित बेटी है। अकेलेपन के कारण ही वह चौराहे पर रहकर काम करते थे और भोजन के लिए बेटी के घर जाते थे। इस घटना से परिजनों में दुख का माहौल है।
श्रावस्ती में बुजुर्ग की तालाब में डूबकर मौत:बेटी के घर से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव को निकाला बाहर
Recent Comments
on Hello world!












