श्रावस्ती की भिनगा तहसील के अग्गापुर कुकुर भुकवा गांव में शुक्रवार को गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कटाई के लिए तैयार करीब 35 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई। पिछले दो सप्ताह से खराब मौसम के कारण फसल कटाई में देरी हो रही थी। हल्की बारिश के कारण गेहूं गीला हो गया था। दो दिन की धूप के बाद जब फसल सूखकर कटाई के लिए तैयार हुई, तभी यह हादसा हो गया। आग की भयावह लपटें देखकर गांव में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने पेड़ों की डालियों और अन्य उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास की फसलों को बचाने के लिए कई ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई भी की गई। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दो दर्जन से अधिक किसानों की पूरी फसल जल चुकी थी। इस अग्निकांड में आफताब आलम, अब्बास अली, मोहम्मद साबिर, अली अहमद और शमीम अख्तर सहित कई अन्य किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना से प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम भिनगा प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। प्रशासन ने जल्द ही नुकसान का सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार करने और पीड़ित किसानों को नियमानुसार राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
श्रावस्ती में 35 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख:ट्रैक्टर से जुताई कर आसपास की फसल बचाने की कोशिश, किसानों ने की मुआवजे की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











