- ‘खेत मुस्कुराएगा तो देश मुस्कुराएगा’ — किसानों के मुद्दों पर सपा का फोकस
गाजियाबाद। मोदीनगर स्थित एम.एम. डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम ने क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ ने इसे शक्ति प्रदर्शन में तब्दील कर दिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। आयोजन का नेतृत्व प्रदेश महासचिव (पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) गिरीश मथुरिया सैन ने किया और मंच संचालन पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति ने संभाला।
अपने संबोधन में श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार अपने समर्थकों को ही न्याय नहीं दिला पा रही, तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।
डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पीडीए समाज तेजी से एकजुट हो रहा है और 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने का रास्ता साफ हो रहा है। उन्होंने सामाजिक न्याय और विकास को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सपा नेता सिकंदर यादव ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने गन्ना किसानों के भुगतान, आलू उत्पादकों की मुश्किलों और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी की मांग को दोहराया। साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए इसे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त बोझ बताया।
सिकंदर यादव ने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पलायन पर रोक लगेगी और गांवों की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने किसानों की सामाजिक, आर्थिक और मानसिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा—’खेत मुस्कुराएगा तो देश मुस्कुराएगा।’
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












