Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)मेडिकल कॉलेज कर्मी की नहर में मिली लाश:बाइक शव के ऊपर पड़ी...

मेडिकल कॉलेज कर्मी की नहर में मिली लाश:बाइक शव के ऊपर पड़ी थी, चेहरे पर चोट के निशान, मोबाइल सड़क किनारे मिला


सिद्धार्थनगर में चिल्हिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक युवक का शव नहर में संदिग्ध हालत में मिला। शव के ऊपर उसकी बाइक पड़ी थी, जबकि मोबाइल फोन सड़क किनारे मिला। घटना के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान धुसरी खुर्द गांव निवासी 26 वर्षीय प्रभु नाथ गौतम के रूप में हुई है। वह माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज में मल्टी परपज हेल्थ वर्कर के पद पर तैनात थे। युवक की संदिग्ध मौत के बाद पूरे इलाके में चर्चा और दहशत का माहौल है। परिजनों के मुताबिक प्रभु नाथ गौतम शनिवार रात करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज से ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार को चिंता हुई, लेकिन पहले उन्हें लगा कि वह किसी काम से कहीं रुक गए होंगे। रविवार सुबह ग्राम कपिया के पास नौगढ़ माइनर नहर में युवक का शव मिलने की सूचना मिली। यह जगह थाना चिल्हिया और सदर क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि जब लोग नहर की तरफ पहुंचे तो पानी में युवक का शव पड़ा था और उसके ऊपर बाइक गिरी हुई थी। कुछ दूरी पर सड़क किनारे उसका मोबाइल फोन भी पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि यह सामान्य सड़क हादसा होता, तो मोबाइल सड़क किनारे और शव नहर में अलग-अलग हालत में कैसे मिलता। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक के चेहरे के दोनों तरफ चोट जैसे निशान भी दिखाई दे रहे थे। इसी वजह से इलाके में हत्या की आशंका को लेकर चर्चा तेज हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर और सुनसान सड़क के आसपास पहले भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। लोगों ने मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और युवक की कॉल डिटेल की भी जांच हो। पिता बोले- पुलिस ने अपनी तरफ से लिखवाई तहरीर घटना की सूचना मिलते ही चिल्हिया और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग जमा रहे। मृतक के पिता जय राम गौतम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और उन्हें हत्या की आशंका है। पिता का आरोप है कि चिल्हिया थाने के एक दरोगा ने अपनी तरफ से तहरीर लिखवाकर उनसे अंगूठा लगवा लिया। उनका कहना है कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि तहरीर में क्या लिखा गया है। परिवार का आरोप है कि मामले को सड़क हादसा साबित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस बोली- हर पहलू से जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मामला सड़क हादसे का है या फिर हत्या का। फिलहाल पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है। उधर, युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। अविवाहित प्रभु नाथ गौतम परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments