सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र के कासडीह गांव में शुक्रवार रात एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बारातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कासडीह गांव निवासी सुभाष की बेटी कृषणमति की शादी बांसी कोतवाली क्षेत्र के हरैया गांव निवासी परशुराम के बेटे सनोज से तय थी। शुक्रवार रात बारात गांव पहुंची थी। स्वागत के बाद डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें बारात पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घायलों को बांसी अस्पताल ले जाया गया। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के तिलौला गांव निवासी 19 वर्षीय उमेश राव पुत्र रामअवध की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाद में उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजन उमेश को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन शनिवार देर शाम अयोध्या के आगे रास्ते में ही उमेश ने दम तोड़ दिया। बताया गया है कि उमेश अपने बाबा झीनक के साथ अपने मौसेरे भाई सनोज की शादी में शामिल होने आया था। युवक की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में शोक का माहौल है। खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के बाबा की तहरीर पर छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिद्धार्थनगर में डीजे विवाद, युवक की मौत:शादी समारोह में मारपीट के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ा, छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












