श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में राप्ती नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। रविवार को जंगरावल गढ़ी गांव के पास नदी में नहाने गए 13 वर्षीय सूरज यादव और 15 साल के अखिलेश उर्फ अनिल यादव गहरे पानी में चले गए। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जंगरावल गढ़ी निवासी पूर्व प्रधान पुत्तीलाल यादव के पौत्र सूरज यादव पुत्र घनश्याम यादव और अखिलेश उर्फ अनिल यादव पुत्र राजेश यादव आपस में चचेरे भाई थे। रविवार को वे घर से कुछ दूरी पर बह रही राप्ती नदी के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान सूरज और अखिलेश नदी में नहाने के लिए उतर गए, नहाते समय दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद चरवाहों के शोर मचाने पर ग्रामीणों और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पहले सूरज को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी इकौना भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अखिलेश उर्फ अनिल को भी नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी। मृतक सूरज अपने पिता का इकलौता बेटा था। अखिलेश चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और इकौना स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था। ग्रामीणों के अनुसार, अखिलेश के पिता राजेश यादव सशस्त्र सीमा बल में तैनात हैं और हाल ही में 15 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। वह रविवार को अपने बेटे अखिलेश के साथ पैतृक गांव जंगरावल गढ़ी आए हुए थे, जहां यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा कि जगरावल गढ़ी का अधिकांश हिस्सा नदी ने पहले ही काट दिया था, इसके बाद अखिलेश के पिता राजेश यादव काफी समय से इकौना में परिवार के साथ घर बनाकर रह रहे थे।
राप्ती में नहाते समय दो चचेरे भाइयों की मौत:श्रावस्ती में CRPF जवान के इकलौते बेटे ने गवाईं जान, छुट्टी पर घर आया था पिता
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










