HomeUncategorizedजिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवनियुक्त 13 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 339...

जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवनियुक्त 13 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 339 सहायिकाओं को प्रदान किया नियुक्ति पत्र*

 

*03 आंगनवाड़ी केन्द्रों का मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया लोकार्पण*

*👉पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें अपने कर्तव्यों का निर्वहन-जिलाधिकारी*

श्रावस्ती, 30 मार्च, 2026। सू0वि0। प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन वितरित किए। उक्त के तहत जनपद की कुल 13 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 339 सहायिका के पद पर चयनित होने पर कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सुनील तिवारी एवं उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया तथा मेहनत से कार्य करने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं आम जनमानस द्वारा देखा व सुना गया। इसी दौरान जनपद के विकास खण्ड गिलौला के अन्तर्गत 03 आंगनवाड़ी केन्द्रों क्रमशः विशुनापुर, कोटमुबारकपुर एवं लखना का मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल पोषण और शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में एक मजबूत आधारशिला है। उनकी सेवाओं से न केवल कुपोषण से लड़ने में मदद मिलेगी, बल्कि बच्चों की शुरुआती शिक्षा भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से अपेक्षा किया कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें। बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक व्यवहार करें, महिलाओं को उचित मार्गदर्शन दें और समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका के पद पर चयनित सभी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया को अपनाते हुए चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से अपेक्षा किया कि आगे भी सेवाभाव से कार्य करके अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा अधिक से अधिक शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास करें।

कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन राजकुमार त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0के0 दास, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा0 अमरनाथ यति सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण व आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं उपस्थित रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments