आदर्श नगर पंचायत भारतभारी क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जहां लोग घरों में रहने के लिए मजबूर हैं, वहीं बेजुबान पशु-पक्षी भी गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। गर्म हवाओं और जलस्रोतों के सूखने से उन्हें पानी और छांव के लिए भटकना पड़ रहा है। सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशु दिनभर पेड़ों की छांव या इमारतों के किनारे बैठ कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। कई स्थानों पर गाय, बैल और कुत्ते जैसे जानवर भी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते देखे जा सकते हैं। पक्षियों की स्थिति भी चिंताजनक है, उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी संख्या पर भी नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है। पशु चिकित्सक रमेश कुमार के अनुसार, अत्यधिक गर्मी जानवरों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। शरीर में पानी की कमी, थकान, भूख न लगना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं पशुओं में तेजी से बढ़ती हैं। यदि समय पर पानी और छांव की व्यवस्था न हो तो उनकी जान भी जा सकती है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और पशु प्रेमियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी से भरे बर्तन रखें। कई जागरूक नागरिकों ने अपनी छतों और आंगनों में पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन में दाना-पानी की व्यवस्था की है। यह छोटा सा प्रयास गर्मी से जूझ रहे जीवों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। नगर पंचायत भारत भारी के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजन गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी से भरे बर्तन रखें।
भारतभारी में भीषण गर्मी सूखे तालाब:ईओ बोले- जल्द पानी भरवाया जाएगा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












