#बस्ती_न्यूज
बस्ती के आर्य समाज, नई बाजार में महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर विशेष यज्ञ और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य समाज नई बाजार, बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ ‘उलगुलान’ (महाविद्रोह) का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है, जो आज भी पर्यावरण संरक्षण और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। ओम प्रकाश आर्य ने समाज में फैले अंधविश्वास और पाखंड पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रकृति के नियम अटल हैं और जब मनुष्य किसी प्राकृतिक नियम को नहीं समझ पाता, तो उसे चमत्कार मान लेता है, जबकि वह विज्ञान होता है। उन्होंने आधुनिक उपलब्धियों जैसे रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट और विमान को विज्ञान की देन बताया, न कि चमत्कार की। अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए, उन्होंने कैल्शियम कार्बाइड और पानी की रासायनिक क्रिया का प्रदर्शन किया, जिससे दीपक जला। उन्होंने समझाया कि कैल्शियम कार्बाइड पर पानी डालने से एसिटिलीन गैस बनती है, जो जलने पर तेज प्रकाश देती है। कई ढोंगी ऐसी वैज्ञानिक क्रियाओं को चमत्कार बताकर लोगों को गुमराह करते हैं। आर्य ने लोगों से तर्क, विज्ञान और वैदिक ज्ञान अपनाने तथा पाखंड व अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जल-जंगल-जमीन की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आर्य समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में बिरसा मुंडा पुण्यतिथि पर किया यज्ञ:जल-जंगल-जमीन संरक्षण का संकल्प लिया, पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












