#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को हर्रैया तहसील मुख्यालय पर ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया। यह अभियान राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा गया। जिला कांग्रेस कमेटी बस्ती के अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ। इसका उद्देश्य लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा ग्रेट निकोबार की प्राकृतिक संपदा, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए शुरू किए गए विरोध प्रदर्शन का समर्थन करना था। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पर्यावरण, जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों के हितों की अनदेखी करने वाली केंद्र सरकार की नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर देश की पर्यावरणीय विरासत को नुकसान पहुंचा रही है। कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य नर्वदेश्वर शुक्ल, उपाध्यक्ष डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, संदीप श्रीवास्तव और ब्लॉक अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। नेताओं ने कहा कि जैव विविधता से समृद्ध ग्रेट निकोबार क्षेत्र के जंगलों को पूंजीपति मित्रों के व्यापारिक हितों के लिए नष्ट करने की तैयारी की जा रही है।इससे न केवल पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ेगा, बल्कि वहां सदियों से रह रही आदिवासी जनजातियों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो जाएगा।कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि आज घरेलू गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और अन्य जरूरी उपभोक्ता वस्तुओं की बढ़ती कीमतों जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय, मोदी सरकार ग्रेट निकोबार द्वीप समूह की प्राकृतिक संपदा को निजी कॉर्पोरेट के हाथों में सौंपना चाहती है। इस हस्ताक्षर अभियान को स्थानीय बार एसोसिएशन का व्यापक समर्थन मिला। अभियान में बार एसोसिएशन हर्रैया के पूर्व अध्यक्ष उमाकांत तिवारी, वर्तमान अध्यक्ष माधव त्रिपाठी, मंत्री बलदेव पाठक सहित दया शंकर पांडेय, सूर्यनाथ वर्मा, शिवमूर्ति शर्मा, धीरेंद्र सिंह, अलीम अख्तर, राकेशमणि त्रिपाठी, देवी प्रसाद पांडेय, राज कपूर, अरुण त्रिपाठी, परशुरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष रामबाबू, कल्पू, सूरज शुक्ला, रामदयाल वर्मा और राम जनक पांडेय जैसे कई अधिवक्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज कराया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
कांग्रेस ने ग्रेट निकोबार के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया:हर्रैया में केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना, वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का विरोध
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












