Home Architecture ट्विटर डील में एलन मस्क ने ऐसा क्या किया, जो अब लग...

ट्विटर डील में एलन मस्क ने ऐसा क्या किया, जो अब लग सकता है अरबों का जुर्माना?

एलन मस्क एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। ट्विटर (अब एक्स) की खरीद से जुड़ा मामला अब कोर्ट तक पहुंच गया है और जूरी के फैसले ने मस्क की परेशानी बढ़ा दी है। अमेरिका की एक अदालत में चली सुनवाई में जूरी ने माना है कि मस्क ने 2022 में ट्विटर डील के दौरान निवेशकों को गुमराह किया था, जिससे कंपनी के शेयर की कीमत पर असर पड़ा। जूरी ने कहा कि 2022 में सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने से पहले के महीनों में उन्होंने जान-बूझकर ट्विटर के शेयर की कीमत गिराई थी।

इस फैसले के बाद अब एलन मस्क पर अरबों डॉलर का जुर्माना लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रकम करीब 2 अरब डॉलर से लेकर 2.5 अरब डॉलर या उससे भी ज्यादा हो सकती है। हालांकि, जूरी ने उन्हें धोखाधड़ी के कुछ आरोपों से यह कहते हुए बरी कर दिया कि उन्होंने निवेशकों को गुमराह करने के लिए कोई बड़ी साजिश नहीं रची थी।

यह भी पढ़ें: ईरान से तेल प्रतिबंध हटाना ही होगा, कैसे अपने ही जाल में उलझ रहे ट्रंप?

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 2022 में ट्विटर की 44 अरब डॉलर की डील से जुड़ा है। उस समय एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने का एलान किया था लेकिन बीच में उन्होंने कई ऐसे बयान दिए जिससे मार्केट में हलचल मच गई। खास तौर पर उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि यह डील अस्थायी तौर पर रोक दी गई है क्योंकि उन्हें ट्विटर पर फेक और स्पैम अकाउंट की संख्या पर संदेह है। इन बयानों के बाद ट्विटर के शेयर में भारी गिरावट आई। निवेशकों का आरोप था कि मस्क ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए ताकि कंपनी की कीमत कम हो जाए और उन्हें सौदे में फायदा मिल सके।

अब क्या फैसला हुआ?

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में निवेशकों ने एलन मस्क के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। सैन फ्रांसिस्कों में चले इस सिविल केस में जूरी ने माना कि मस्क के दो ट्वीट भ्रामक थे। इन ट्वीट्स की वजह से कई निवेशकों ने अपने शेयर कम कीमत पर बेच दिए और उन्हें नुकसान हुआ। हालांक, जूरी ने मस्क को पूरी तरह दोषी नहीं ठहराया और किसी बड़ी साजिश से इनकार किया। जूरी ने कहा कि उन्होंने निवेशकों को गुमराह तो किया है लेकिन यह कोई सोची समझी धोखाधड़ी की बड़ी साजिश नहीं थी।

क्या अब लगेगा जुर्माना?

एलन मस्क के खिलाफ इस केस में हजारों निवेशक शामिल हैं, जिन्होंने मस्क के ट्वीट के बाद ट्वीटर के शेयर बेच दिए थे और उन्हें उससे आर्थिक नुकसान हुआ था। ऐसे में अब मस्क को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। अभी जूरी ने जुर्माने पर कोई फैसला नहीं किया है लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, निवेशकों को हुए नुकसान के आधार पर मस्क को अरबों डॉलर का भुगतान करना पड़ सकता है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, यह रकम 2 अरब डॉलर से ज्यादा बताई जा रही है।

एक्सपर्ट्स के कहना है कि कोर्ट अब इस बात की जांत करेगा कि एलन मस्क के ट्वीट के बाद मार्केट में जो उतार-चढ़ाव हुआ था उससे किस निवेशक को कितना नुकसान हुआ है। इसके बाद ही जूरी जुर्माने पर फैसला सुनाएगी। इसके साथ ही एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह फैसला टेक इंडस्ट्री के लिए भी बड़ा संदेश है कि बड़े बिजनेसमैन के बयान मार्केट को प्रभावित कर सकते हैं और इसके लिए उन्हें जिम्मेदार भी ठहराया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: थम नहीं रहा साइबर क्राइम, बिहार में 2 करोड़ फ्रॉड का भंडाफोड़

अपने बचाव में मस्क ने क्या कहा?

एलन मस्क ने अपने वकीलों के जरिए कोर्ट में कहा कि उन्होंने जो भी बयान दिए वह उनकी समझ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर थे। उनका दावा था कि ट्विटर ने फेक अकाउंट की संख्या सही तरीके से नहीं बताई थी और वही इस विवाद की जड़ है। मस्क की लीगल टीम ने साफ किया है कि वे इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। उनका कहना है कि यह फैसला पूरी तरह सही नहीं है और आगे की कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here