#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले में मुंडेरवा पुलिस ने एक युवक को इंस्टाग्राम पर पिस्टल जैसे दिखने वाले खिलौने के साथ फोटो अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर भ्रम और भय फैलाने की आशंका के मद्देनजर की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें युवक दुर्गेश चौधरी (21) पुत्र बहरैची चौधरी, निवासी ग्राम बरडाड़, थाना मुंडेरवा, बस्ती, अपने हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लिए हुए था। पुलिस की जांच में उसकी पहचान हुई। पूछताछ में दुर्गेश ने बताया कि उसके हाथ में दिख रही वस्तु वास्तव में एक खिलौना पिस्टल थी, जिसे उसने शौक के तौर पर फोटो खिंचवाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था। पुलिस के अनुसार, इस कृत्य से लोक व्यवस्था भंग होने और समाज में भ्रम व भय की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना थी। मुंडेरवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्गेश चौधरी को 10 अप्रैल 2026 को ग्राम बरडाड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसे भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत न्यायालय में पेश किया गया है। थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह गिरफ्तारी की। जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक, भय या हिंसा प्रदर्शित करने वाले फोटो, वीडियो या पोस्ट अपलोड न करें। ऐसे कृत्य कानूनी अपराध हैं और लोक शांति भंग करने वाले माने जाते हैं। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, रचनात्मक और जिम्मेदारीपूर्वक करने का आग्रह किया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मुंडेरवा में एक युवक गिरफ्तार:पिस्टल जैसे खिलौने संग इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था फोटो
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











