मीडिल ईस्ट में जंग शुरू हुए एक महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। इस जंग में अब तक सैकड़ों लोगों की जान चली गई है। अब रिपोर्ट्स में सामने आ रहा है कि ईरान के एक ताजा हमले में एक ओर भारतीय नागरिक की जान चली गई है। कुवैत के बिजली मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है। मंत्रालय की ओर से 30 मार्च को बताया गया कि देश के अंदर एक बिजली स्टेशन पर ईरानी हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और साइट पर एक इमारत को नुकसान पहुंचा है।
न्यूज एजेंसी AAFP की रिपोर्ट के अनुसार मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जवाहर हयात ने कहा, ‘कुवैत के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के हिस्से के रूप में बिजली और वॉटर डिसेलिनेशन प्लांट में एक सर्विस बिल्डिंग पर हमला किया गया, जिसके कारण एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और एक इमारत को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है।’
यह भी पढ़ें: अमेरिका-इजरायल के अधिकारियों को मार डालेगा ईरान? IRGC की खतरनाक धमकी
कुवैत पर युद्ध का असर
इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी इस संघर्ष का खामियाजा कुवैत को भी भुगतना पड़ रहा है। कुवैत मिडिल ईस्ट के उन देशों में से एक है जिन्हें इस युद्ध से नुकसान पहुंच रहा है। ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को हमला किया था और इसके जवाब में ईरान ने पश्चिमी एशिया में कई अमेरिकी ठिकानों का निशाना बनाया है।
ईरान के रक्षा मंत्रालय की ओर से इस युद्ध को लेकर रविवार 29 मार्च को एक बयान जारी किया गया। इस बयान में बताया गया है कि एक महीने से ज्यादा समय से जारी इस संघर्ष में देश पर कुल 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन हमले किए गए हैं।
लगातार जारी हैं हमले
युद्ध शुरू होने के बाद से कुवैत पर ईरान लगातार हमले कर रहा है। ईरान की तरफ से कुवैत में पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जा रहा है। मिसाइलों और ड्रोन्स से अब तक कुवैत में पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान भी पहुंचा है। सिर्फ कुवैत ही नहीं, ईरान अन्य मिडिल ईस्ट देशों में भी पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है।
यह भी पढ़ें: एक महीने की जंग, ईरान ने अमेरिका को कितना नुकसान पहुंचाया?
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि कुवैत ने पिछले 24 घंटों में 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 दुश्मन ड्रोन का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया है। एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान, मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अल-अतवान ने कहा कि इनमें से कुछ मिसाइलों और ड्रोन ने कुवैती आर्म्ड फॉर्स के एक अड्डे को निशाना बनाया, जिससे 10 जवान घायल हो गए। उन्होंने आगे बताया कि जिस जगहब यह हमला हुआ, उस जगह को काफी नुकसान पहुंचा है।










