मार्च का महीना खत्म हो गया है लेकिन बारिश और खराब मौसम का दौर अभी भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल महीने के शुरुआती कुछ दिन आफत भरे रह सकते हैं, खासकर उत्तर भारत के किसानों के लिए। बेमौसम बारिश का प्रहार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर से 1 अप्रैल 2026 के लिए देश के 19 राज्यों में तेज बारिश-आंधी की चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग ने तो बिजली गिरने और 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की संभावना भी जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर में कल रात से ही बारिश का दौर शुरू हो चुका है। दिल्ली के कई इलाकों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान दिल्ली में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगीं। बारिश के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: कैसे एक विवादित समझौता त्रिपुरा में आदिवासी राजनीति को दे रहा नया रूप?
कहां-कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक 1 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में भी भारी बारिश-तूफान की संभावना है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, ज्योतिबाफुले नगर, बदायूं, बिजनौर, संभल, अलीगढ़, एटा, मथुरा, बुलंदशहर, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ जिलों में आज से 3 अप्रैल तक भारी बारिश की संभावना है।
बिहार की बात करें तो बिहार में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 1 अप्रैल से 6 अप्रैल के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, पटना, रोहतास, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद, नालंदा, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आंधी चल सकती है।
पंजाब और हरियाणा में भी अप्रैल की शुरुआत बारिश से हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, गुरदासपुर, पटियाला, रूप नगर, सास नगर, होशियारपुर, जालंधर, हमीरपुर, फिरोजपुर जिलों में भारी बारिश और तूफान की संभावना है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, कैथल, पानीपत, हिसार, यमुनानगर, महेंद्रगढ़ जिलों में आज और कल मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश के दतिया, अशोक नगर, भोपाल, दमोह, पन्ना, सागर, ग्वालियर, कटनी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान में आज मौसम साफ रह सकता है लेकिन कल हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर, अजमेर, बाड़मेर, जैसलमेर, चुरू, झुंझुनू, दौसा, धौलपुर, सवाई माधोपुर जिलों में बारिश की संभावना है।

हिमाचल उत्तराखंड का मौसम?
हिमाचल और उत्तराखंड में अगले 2 दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल के कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, मनाली, हमीरपुर जिलों में 3 से 4 अप्रैल के बीच मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में भी हिमाचल की तरह ही पहले 2 दिन मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 3 अप्रैल से 6 अप्रैल तक चमोली, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उधर जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 और 2 अप्रैल को कुछ जगहों पर दोपहर के बाद हल्की बारिश या बर्फबारी के छोटे-छोटे दौर संभव हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली आ रही फ्लाइट के अंदर क्रू को दिखा धुआं, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
अन्य राज्यों का हाल
अप्रैल के महीने में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी भारत में होने की संभावना है। बंगाल, बिहार, झारखंड, सिक्किम और ओडिशा में 6 अप्रैल तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा पश्चिमी भारत में ज्यादातर मौसम साफ रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में मौसम उमस भरा रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की घटनाएं भी हो सकती हैं।











