
बोदवल बाजार स्थित श्रीराम जानकी एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में श्रीराम महायज्ञ और रामकथा का आयोजन 5 मार्च से शुरू होगा। यह कार्यक्रम 17 मार्च को भंडारे के साथ संपन्न होगा। मुंडेरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5, इंदरानगर स्थित श्रीराम जानकी एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर में वर्ष 2007 से लगातार श्रीराम महायज्ञ और रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पिछले 19 वर्षों से पूर्वी पोखरा, बोदवल बाजार में हो रहा है। यज्ञ परिसर में ही स्थानीय लोग और आयोजकों के परिवार रामलीला का मंचन करते हैं। इसमें आयोजकों के परिवार के बच्चे भी अभिनय करते हैं। यज्ञ के आयोजक और यजमान अशोक कसौधन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 5 मार्च को कलश यात्रा के साथ होगा। 16 मार्च को पूर्णाहुति और 17 मार्च को भंडारे के साथ यह संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि परमपूज्य पारसमणि जी महाराज अयोध्या धाम से दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीराम कथा अमृत वर्षा करेंगे। 6 मार्च से रात्रि 10 बजे से श्री आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस 11 दिवसीय आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में एक मेले का भी आयोजन होगा। इसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और सर्कस सहित अन्य व्यवस्थाएं होंगी। यज्ञ के यज्ञाचार्य आचार्य प्रदीप जी महाराज हनुमान गढ़ी, अयोध्या धाम से पधार रहे हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय (रामपुर रेवटी), हरिशंकर पांडेय (प्रधान, धौरहरा गोचना), शिवमूरत कसौधन और गिरजेश कसौधन सहित क्षेत्र के सभी निवासी इस आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।










































