शादी का झांसा देकर युवती को भगाने का आरोप:नकदी और जेवरात भी साथ ले गई, चार पर केस दर्ज

5
Advertisement

मुंडेरवा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि 15 फरवरी को मनीष कुमार ने योजनाबद्ध तरीके से उनकी पुत्री को अपने साथ भगा ले गया। परिजनों के अनुसार आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर पहले युवती से संपर्क बढ़ाया और फिर उसे घर से साथ ले गया। आरोप यह भी है कि जाते समय युवती घर में रखे गहने और नकदी भी साथ ले गई। घटना के बाद परिजन लगातार बेटी की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मनीष कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा सर्विलांस की मदद ली जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement