मनौरी चौराहे पर चावल लदा ट्रक पलटा:यातायात प्रभावित, चालक-परिचालक सुरक्षित

2
Advertisement

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मनौरी चौराहे पर शनिवार रात चावल से लदा एक ट्रक पलट गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ट्रक के चालक व परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, ट्रक के सड़क पर पड़े होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात लगभग 11:00 बजे की है। चावल की बोरियों से लदा अनियंत्रित ट्रक चौराहे पर मुड़ते समय संतुलन खो बैठा और मुख्य मार्ग के बीचों-बीच पलट गया। रात का समय होने के कारण चौराहे पर भीड़ कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से ही ट्रक सड़क के बीच में पड़ा है। रविवार सुबह 11:30 बजे तक इसे मौके से हटाया नहीं जा सका था, जिससे लगभग 12 घंटों तक यातायात बाधित रहा। मनौरी चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। संकरे रास्ते से वाहनों के निकलने के कारण बार-बार जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से भारी वाहनों की आवाजाही पर सतर्कता बरतने की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है और पलटे हुए ट्रक को चौराहे से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।
Advertisement