
लालगंज पुलिस ने मुफ्त बैंक खाता खोलने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी थाना लालगंज क्षेत्र में दर्ज एक मामले के संबंध में की गई है। पुलिस के अनुसार, अमरौना थाना लालगंज निवासी लवकुश चौधरी (27) पुत्र रामजनक चौधरी को मथौली के पास से पकड़ा गया। उस पर मु0अ0सं0 312/2025 धारा 3(5), 318(4), 319(2), 351(3) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले के वादी, मथौली निवासी दिनेश कुमार ने अपनी तहरीर में बताया था कि कुछ लोगों ने उन्हें और उनके साथियों को एक्सिस बैंक में निःशुल्क खाता खुलवाने, चेकबुक, एटीएम और पासबुक उपलब्ध कराने का झांसा दिया। उनके विश्वास में लेकर खाते तो खुलवा दिए गए, लेकिन बाद में न तो खाते का विवरण दिया गया और न ही एटीएम, पासबुक या चेकबुक उपलब्ध कराई गई। दिनेश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने इन दस्तावेजों की मांग की तो टालमटोल की गई और कथित तौर पर धमकी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण की जांच अभी जारी है और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक राजेश विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक लालता प्रसाद और कांस्टेबल अरविन्द दुबे शामिल थे।











































