
बस्ती में रविवार को एक पोखरे के पास गोमांश मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के परसालाल शाही गांव का है। ग्रामीणों ने परसालाल चौराहे के पीछे स्थित पोखरे में गोवंश का कटा हुआ सिर देखा। इसकी जानकारी फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस टीम भी तत्काल पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में आसपास से गोवंश के अन्य अवशेष भी मिलने की बात सामने आई है। राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला मंत्री रमेश चंद्र कन्नौजिया ने थानाध्यक्ष को एक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। कन्नौजिया ने दोषियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सूचना मिलने पर सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर गड्ढा खुदवाकर जमीन में दफना दिया। ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति न उत्पन्न हो। सीओ सदर ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।











































