
बस्ती में साइबर क्राइम थाना और साइबर स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बजाज फिनसर्व और सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्राजीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 40 हजार रुपये के इनामी समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, 3 फर्जी आईकार्ड और बड़ी मात्रा में बैंक खातों व डेबिट कार्ड की डिटेल्स बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। एनएच-28 से दबोचे गए आरोपी थाना सोनहा में दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस टीम ने फोरलेन NH-28 पर टेमा रहमत के पास सुबह करीब 7 बजे चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सतीस उर्फ सचिन महतो (बिहार/हरियाणा), शिवम पाण्डेय उर्फ बाबा, राजा राम कुमार और शिवम कुमार (सभी निवासी नवादा, बिहार) शामिल हैं। ‘म्यूल खातों’ से करोड़ों का लेनदेन पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गरीब और असहाय लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम व नेट बैंकिंग अपने पास रख लेते थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर बजाज फिनसर्व समेत अन्य फिनटेक कंपनियों के नाम से विज्ञापन चलाकर सस्ता लोन दिलाने का झांसा देते थे। प्रोसेसिंग और इंश्योरेंस फीस के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की जाती थी। लोगों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी आईकार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया- यह गिरोह ‘म्यूल खातों’ के माध्यम से करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन करता था। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











































