Advertisement

बस्ती जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में लगभग 50 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें अधिकांश सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। मेले में पहुंचे सभी मरीजों का पंजीकरण किया गया। चिकित्सकों ने उनकी जांच कर उपचार प्रदान किया और आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित कीं। महिला चिकित्सक डॉ. वंदना तिवारी ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर परामर्श दिया। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सरिता और आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. सादाब ने भी अपनी-अपनी चिकित्सा पद्धतियों से मरीजों का उपचार किया। फार्मासिस्ट हरिराम गुप्ता, रामकुमार सिंह, मनोज और स्टाफ नर्स किरण सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी मेले के सफल आयोजन में सहयोग किया। इस स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हुईं, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली।










































