बस्ती में केक खाने से युवक की मौत:एक बच्चा गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

7
Advertisement

बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में केक खाने से एक 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना में एक तीन वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से बीमार हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी संतोष सिंह ने बताया कि उनका बेटा अमन सिंह (18) ने रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव की एक दुकान से केक मंगाकर खाया था। अमन ने उसी केक का कुछ हिस्सा गांव के ही ओंकार (3) नामक बच्चे को भी दिया था। केक खाने के बाद अमन सिंह की मृत्यु हो गई। वहीं, ओंकार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह और एसओ संतोष गौंड मौके पर पहुंचे। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement