
बस्ती जिले के भानपुर तहसील में रविवार को एसडीएम हिमांशु कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चौधरी की संयुक्त टीम ने होली के मद्देनजर अभियान चलाया। इस दौरान होटल और किराना दुकानों के सामानों की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने सोनहा में तीन, भानपुर में चार और नरखोरिया में दो दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नरखोरिया स्थित दीपचंद होटल पर गुलाब जामुन का सैंपल लिया गया। जांच में गुलाब जामुन में कुछ खामियां पाई गईं। इसके बाद उपजिला अधिकारी भानपुर ने दुकान में बचे हुए गुलाब जामुन को कूड़ेदान में फिंकवा दिया। अधिकारियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चंद चौधरी ने बताया कि गुलाब जामुन के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











































