पीआरबी वाहन की चपेट में आया भट्ठा मजदूर:रामजानकी मार्ग पर हादसा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

4
Advertisement

कलवारी थानाक्षेत्र के चकदहा में रामजानकी मार्ग पार करते समय एक भट्ठा मजदूर डायल 112 पीआरबी पुलिस वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल मजदूर की पहचान बोधराम (35) पुत्र ठेगनू के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सलया थानाक्षेत्र के ग्राम छाता का निवासी है। बोधराम अपनी पत्नी हेमकली और दो बच्चों के साथ चकदहा के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोधराम सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार पीआरबी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पीआरबी टीम ने तत्काल घायल बोधराम को वाहन में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा कुदरहा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना बोधराम के चाचा कैलाश ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पत्नी हेमकली अस्पताल पहुंची और घायल पति को जिला अस्पताल ले गई। इस दौरान एसआई गोपाल यादव, पीआरबी चालक अरविंद सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।
Advertisement