
कलवारी पुलिस ने आगामी होली और ईद त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे अराजक तत्वों में भय का माहौल बना और आम जनता ने सुरक्षित महसूस किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण में चलाया गया। सीओ कलवारी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर सुरक्षा का जायजा लिया। पुलिस टीम ने हूटर और सायरन बजाते हुए क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में रोड मार्च किया। फ्लैग मार्च चरकैला बाजार, पाऊ बाजार, गायघाट और बहादुरपुर बाजार जैसे मुख्य स्थानों से होकर गुजरा। इस फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह के साथ चौकी प्रभारी गायघाट एसआई राकेश मिश्रा, चौकी प्रभारी माझाखुर्द एसआई शैलेश यादव, चौकी प्रभारी बहादुरपुर एसआई तेज प्रताप सिंह, समस्त हल्का प्रभारी और बीपीओ शामिल रहे। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से निर्भीक होकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की और बताया कि पुलिस हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।












































