
बस्ती जिले के कप्तानगंज विकास खंड के कौड़ीकोल बुजुर्ग में डायमंड इलेवन चैंपियंस ट्रॉफी नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। सद्भावना सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन नगर पंचायत कप्तानगंज के चेयरमैन चंद प्रकाश चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के अवसर पर चेयरमैन चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और युवाओं को सही दिशा देते हैं। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला कप्तानगंज और सरबहनापुर की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कप्तानगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाए। जवाब में सरबहनापुर की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 77 रन ही बना सकी। इस रोमांचक मुकाबले में कप्तानगंज ने 9 रन से जीत दर्ज की। रात्रिकालीन रोशनी में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। आयोजन समिति के अनुसार, जनपद और आसपास की कई टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इससे क्षेत्र में खेल के प्रति खासा उत्साह देखा जा रहा है।










































