
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन वीरों अजगवा जंगल गांव निवासी राम बदन चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र अशोक कुमार ने बताया कि उनके पिता राम बदन चौधरी गन्ना तौल कराने के लिए कांटे पर गए थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रविवार देर रात करीब 9:50 बजे राम बदन चौधरी कूपनगर चौराहे पर घायल अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तुरंत घर ले आए, लेकिन अगली सुबह सोमवार करीब 4:50 बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गौर थाना के एसएचओ संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











































