तुसायल में आग से घर जला:2 लाख का सामान जलकर खाक, पुलिस-ग्रामीणों ने बुझाई आग

5
Advertisement

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा चौकी अंतर्गत तुसायल गांव में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में लगभग 2 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग सबसे पहले तुसायल निवासी सुरेंद्र माली पुत्र महंत माली की झोपड़ी में लगी। उनकी झोपड़ी से सटे राजेश पुत्र मंगरू माली का भी घर और झोपड़ी थी, जिसे आग ने अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। राजेश की झोपड़ी में रखा दो साइकिल, एक सिलाई मशीन, दो गैस सिलेंडर (एक छोटा, एक बड़ा, जिसमें कुछ गैस भरी थी), एक गैस चूल्हा, दो चारपाई, 7 क्विंटल गेहूं और चावल, बर्तन, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख रुपये का सामान जल गया। वहीं, सुरेंद्र माली की झोपड़ी में रखा लगभग 20 हजार रुपये का सामान भी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर असनहरा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने से राजेश के परिवार के पास न तो खाने का अनाज बचा है और न ही पहनने के लिए कपड़े। पूरा परिवार अब प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए हुए है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी भानपुर हिमांशु कुमार ने बताया कि मौके की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रशासन द्वारा नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
Advertisement