
होली के त्योहार से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हर्रैया तहसील क्षेत्र में एसडीएम हर्रैया सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने प्रमुख बाजारों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान हर्रैया, कप्तानगंज और गौर सहित अन्य बाजारों से खोया व पनीर के नमूने लिए गए और कुछ सामग्री जब्त भी की गई। अभियान के तहत टीम ने विशेष रूप से खोया, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की गहन जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और मिलावटखोरों में भय का माहौल देखा गया। देखें, 4 तस्वीरें… त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। वे बड़े बाजारों से लेकर छोटे दुकानदारों तक मिलावटी खोया-पनीर की आपूर्ति करते हैं। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में ऊंचे दामों पर संदिग्ध और मिलावटी सामग्री बेची जा रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। एसडीएम हर्रैया सत्येंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार की मिठास में जहर घोलने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार के मद्देनजर प्रशासन की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











































