बस्ती में होली पर पुलिस प्रशासन अलर्ट:अधिकारियों को दिए शांति व्यवस्था के सख्त निर्देश

7
Advertisement

बस्ती में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक, बस्ती डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक-थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। होली के दौरान रंग, पानी और गुब्बारों के अनुचित प्रयोग पर विशेष निगरानी रखने तथा महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अवैध शराब, गांजा, अफीम और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री व सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीजे और लाउडस्पीकर के अनधिकृत प्रयोग पर सख्ती बरतते हुए ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी थानों में 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, फ्लैग मार्च और गश्त बढ़ाने तथा आयोजनों की पूर्व सूचना लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement