
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में सोमवार रात एक नाबालिग किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किशोरी को उसके प्रेमी ने सोते समय बिस्तर पर गोली मारी। गोली की आवाज सुनकर बगल में सो रहे भाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी ने बाहर सो रही मां पर भी असलहा तान दिया। घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान अनुष्का (उम्र अज्ञात, लेकिन नाबालिग) पुत्री दिनेश कुमार के रूप में हुई है। वह अपने 13 वर्षीय भाई अवनीश के साथ बरामदे में सो रही थी। तभी गांव का ही मंदीप पुत्र रंगीलाल (लगभग 32 वर्ष) बरामदे में पहुंचा और अनुष्का के सीने और सिर पर दो गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद मंदीप ने दरवाजे पर सो रही अनुष्का की मां अनीता की मच्छरदानी हटाकर उन पर भी असलहा तान दिया। गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष नगर भानुप्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह और पुलिस उपाधीक्षक बस्ती श्यामकांत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मंदीप ने किशोरी को बहला-फुसलाकर प्रेम संबंध बनाए थे। कुछ समय बाद किशोरी ने मंदीप से पीछा छुड़ाना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर मंदीप ने 18 दिसंबर 2025 को लड़की के साथ खींचे गए अंतरंग फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे। इस मामले में लड़की के परिजनों ने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। बाद में इसमें दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गईं। मामला दर्ज होने के बाद मंदीप घर छोड़कर फरार हो गया था।अचानक गांव लौटकर उसने इस घटना को अंजाम दिया।मृतका के पिता दिनेश कुमार पंजाब में रहकर आजीविका कमाते हैं। घर पर मां अनीता अपनी बेटी अनुष्का और बेटे अवनीश के साथ अकेली रहती थीं।अनुष्का 12वीं की बोर्ड परीक्षा दे रही थी।मृतका के बिस्तर पर एक खुली हुई किताब भी मिली है।










































