
पैकोलिया थाना क्षेत्र के गड़हा दलथम्मन स्थित क्रेस्ट व्यू विद्यालय में एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। 13 वर्षीय दिव्यांश सिंह के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, कक्षा 9 का छात्र दिव्यांश विद्यालय में आयोजित एक प्रदर्शनी में हिस्सा लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान विद्यालय प्रबंधक और कुछ अन्य लोगों ने उसे प्रदर्शनी में शामिल होने से रोका। जब छात्र ने इसका विरोध किया, तो उसे एक कमरे में ले जाकर पीटा गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाद में छात्र को कमरे से बाहर लाकर भी मारा-पीटा गया और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए ले गए। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट की इस घटना का वीडियो भी बनाया गया है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एक उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पैकोलिया थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











































