
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में केक खाने के बाद 18 वर्षीय अमन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं, तीन वर्षीय ओमकार प्रजापति गंभीर रूप से बीमार पड़ गया। इस घटना के बाद सोमवार को बभनान कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। परिजनों के अनुसार, अमन गांव की एक दुकान से “राजा ब्रांड” केक खरीदकर लाया था। केक खाने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ी और सीएचसी गौर से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। पड़ोसी बच्चे ओमकार को इलाज के लिए बस्ती के कैली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को बभनान कस्बे में गोंडा और बस्ती की संयुक्त खाद्य सुरक्षा टीम ने छापेमारी की। गोंडा के सहायक आयुक्त द्वितीय अजीत मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकुर मिश्रा के साथ बस्ती के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय/मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल वर्मा की टीम ने स्टेशन रोड स्थित श्याम इंटरप्राइजेज पर जांच की। टीम ने “राजा ब्रांड” केक के नमूने लेकर सील किए और अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि यह उत्पाद पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना से मंगाया जाता है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












































