
बस्ती पुलिस ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, जबरन रंग लगाना, महिलाओं व बुजुर्गों से अभद्रता, नशाखोरी या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार, पुलिस लाइन सभागार में आयोजित इस बैठक में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, अवैध शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, डीजे/लाउडस्पीकर के अनधिकृत प्रयोग पर सख्ती बरतने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के आदेश भी जारी हुए। प्रभारी निरीक्षक दुबे ने यह भी बताया कि सभी होली मिलन समारोहों की पूर्व सूचना थाने को देना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी तथा 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। उन्होंने आमजन से भाईचारे, सौहार्द और मर्यादा के साथ होली मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











































