
रुधौली तहसील क्षेत्र में बुधवार को होली का त्योहार उत्साह और शांति के साथ मनाया गया। सुबह से ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में रंगों के पर्व को लेकर जोश दिखा। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। कस्बे में जगह-जगह युवा डीजे पर भोजपुरी गानों पर थिरकते नजर आए। व्यापारियों ने भी होली के इस रंगीन पर्व में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। देखें 5 तस्वीरें… गन्ना विकास समिति के चेयरमैन प्रदीप सिंह पिंकू, समाजसेवी डॉ. एनबी सिंह, सुशांत पांडेय, विजय कुमार राजू, सुशील पांडे, रत्नेश शर्मा, रमाकांत भट्ट, सुरेंद्र चौधरी उर्फ राजा भईया और रानू पांडे सहित कई प्रमुख लोगों ने अपने आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किए। पिपरपाती खुर्द में समाजसेवी मनोज कुमार चौधरी ने रुधौली विधानसभा क्षेत्र से आए लोगों के साथ होली खेली। इस अवसर पर गिरिजाशंकर उर्फ छोटे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। हनुमानगंज बाजार में युवाओं ने अबीर-गुलाल के साथ जमकर होली मनाई, जबकि कोहरा में लोगों ने फगुआ गायन के साथ त्योहार का आनंद लिया। नगर पंचायत रुधौली, बेलगड़ी, चैसार, ओवरीडीहा, हरिहरपुर, टरौठी, दसिया, गोठवा, विशुनपुरवा, महुआर और भितेहारा सहित आसपास के सभी क्षेत्रों में होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। होली और रमजान को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। उपजिलाधिकारी मनोज प्रकाश, सीओ कुलदीप सिंह यादव, तहसीलदार रवि यादव और रुधौली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पूरे क्षेत्र में मोबाइल पर बने रहे। इस दौरान एसआई शिवकुमार यादव, एसआई लवकुश पांडे, एसआई अनिल कुमार, एसआई दिनेश कुमार तिवारी और एसआई जयप्रकाश मिश्र सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।











































