दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत:होली के दिन चिलमा बाजार में भीषण हादसा, एक गंभीर घायल

4
Advertisement

बस्तीl राम जानकी मार्ग पर चिलमा बाजार के पास बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना दुबौलिया थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के ऊंजी निवासी स्वप्निल सिंह (22) पुत्र धर्मेंद्र सिंह और कलवारी थाना क्षेत्र के रोहीपुर निवासी शनी (20) पुत्र राम पलट के रूप में हुई है। घायल युवक ज्ञान चंद (25) पुत्र दद्दू प्रसाद भी रोहीपुर, कलवारी थाना क्षेत्र का निवासी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज जिला अस्पताल बस्ती में चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो बाइकों की तेज रफ्तार में आमने-सामने की टक्कर हुई, जिससे दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन कलवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Advertisement