
बस्ती में कुआनों नदी के कछुआड घाट पर होली खेलने के बाद नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना लालगंज थाना क्षेत्र में हुई। माधवापुर निवासी दुर्गेश (20), पुत्र राम बृक्ष, बुधवार को होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ रंग छुड़ाने के लिए नदी पर गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। ग्रामीणों की सूचना पर लालगंज चौकी प्रभारी अनंत कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया। उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दुर्गेश अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नदी पार कर रहा था, तभी वह किसी भंवर में फंसकर डूब गया। चौकी प्रभारी अनंत कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।










































