
बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित बैडारी एहतमाली के मदरहवा पुरवे में इंटर की छात्रा अनुष्का की हत्या के बाद गुरुवार को बस्ती सांसद रामप्रसाद चौधरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सरकारी मदद तथा सुरक्षा का आश्वासन दिया। सांसद ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश भी दिए। मृतका अनुष्का के पिता दिनेश चंद, जो पंजाब में कार्यरत थे, घटना की सूचना मिलने पर गांव लौट आए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई। दिनेश चंद ने सवाल उठाया कि उनकी बेटी का क्या दोष था कि उसे सोते समय मार दिया गया। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अनुष्का अपने छोटे भाई के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस कप्तान स्वयं इस संवेदनशील मामले की निगरानी कर रहे हैं।












































