
बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र में एक दलित नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि कई दिनों से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि यह घटना 14 फरवरी को हुई थी। उस दिन उनकी करीब 15 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी, जबकि वह और उनकी पत्नी खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान गांव का एक युवक घर में घुस आया और उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के साथ मारपीट भी की। पीड़ित परिवार के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर पास में मौजूद उनकी छोटी बेटी और गांव के एक विकलांग व्यक्ति मौके पर पहुंचे। आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल कुदरहा चौकी पर दी गई थी, लेकिन कई दिनों के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनके पास मार-पीट का वीडियो साक्ष्य भी है, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में थाना अध्यक्ष लालगंज संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता को बुलाया गया है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।












































