
बस्ती जिले में गुरुवार शाम तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना लालगंज थाना क्षेत्र के छिबरा गांव स्थित राम जानकी मार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज गति से आ रही थीं और अचानक उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने 36 वर्षीय भरत शर्मा, निवासी रसूलपुर, को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विशाल, निर्मला और जितेंद्र नामक तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ये तीनों नगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












































