दिल्ली से लौट रहा युवक तीन दिन से लापता:कप्तानगंज में पत्नी ने थाने में शिकायत कर मदद मांगी

2
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र का एक युवक दिल्ली से लौटते समय तीन दिनों से लापता हो गया है। लवकुश कुमार नामक यह युवक 28 फरवरी को अपनी बहन को दवा देने दिल्ली गया था। घर वापसी के दौरान उसका परिवार से संपर्क टूट गया और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। परिजनों के अनुसार, 3 मार्च की शाम करीब 7 बजे युवक की पत्नी गुड़िया ने उससे फोन पर बात की थी। लवकुश ने बताया था कि वह ट्रेन में बैठ गया है और घर आ रहा है। इसके बाद उससे दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। रात करीब 9 बजे दोबारा फोन करने पर भी उसने फोन नहीं उठाया। अगले दिन, 4 मार्च की सुबह लगभग 4 बजे, परिवार ने फिर से कॉल किया तो उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। तभी से लवकुश का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। लापता लवकुशकुमार क्षेत्र में सैलून की दुकान चलाता है और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। वह दो बच्चों, 5 वर्षीय बेटे गोविंद गौतम और 7 वर्षीय बेटी लक्ष्मी का पिता है। उसके अचानक लापता होने से परिवार परेशान है। परिजनों ने 5 मार्च, 2026 (गुरुवार) को कप्तानगंज पुलिस को तहरीर देकर लवकुश की तलाश में मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें।
Advertisement