
लालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बलरामपुर जिले के निवासी अमित शुक्ला (30) पुत्र राम प्रसाद शुक्ला लालगंज के गन्ना क्रय केंद्र पर कांटा बाबू के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार रात करीब 8 बजे वह अपने एक साथी के साथ बाइक से लालगंज से महादेवा की ओर जा रहे थे। गौराधुंधा गांव के पास सड़क किनारे गन्ना लदी एक घिर्री खड़ी थी। बाइक सवार युवकों की गाड़ी पीछे से घिर्री में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित शुक्ला मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि उनके साथी को भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, एंबुलेंस लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही महादेवा चौकी प्रभारी देवव्रत शर्मा और लालगंज थाना प्रभारी संजय कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












































