
बस्ती जनपद के कुदरहा विकासखंड स्थित लालगंज बाजार में कई वर्षों से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इसके कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। बाजार और आसपास के इलाकों में फैली इस गंदगी से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से दुर्गंध आती है, जिससे स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लालगंज निवासी मुन्ना ने बताया कि लंबे समय से यहां साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। उनके अनुसार, कूड़े के ढेर और बदबू के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। वहीं, शाह आलम ने बताया कि बाजार में बाहर से आने वाले अस्थायी लोग, विशेषकर सब्जी विक्रेता, गंदगी फैलाने में मुख्य भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार और शनिवार को लगने वाले बाजार के दिनों में कूड़ा सबसे अधिक फैलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है। इस संबंध में लालगंज के प्रधानपति वीरेंद्र कुमार उर्फ बबलू कसौधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द साफ-सफाई की व्यवस्था कराने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।












































