
मुंडेरवा नगर पंचायत में शनिवार सुबह एक नशे में धुत अर्टिगा कार चालक ने सड़क किनारे सफाई कर रहे तीन कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मुंडेरवा-महादेवा मार्ग पर शिवपुर बढ़ौनी स्थित पेट्रोल पंप के पास सुबह लगभग सात बजे हुई। घायल कर्मचारियों की पहचान शैलेंद्र (पुत्र रामभगील, रामपुर रेवटी), पारसनाथ (पुत्र राममूरत, गौरा उपाध्याय) और दिलीप (पुत्र रामदास, उमरी अहरा) के रूप में हुई है। बताया गया है कि कार चालक महादेवा से मुंडेरवा की ओर आ रहा था। टक्कर मारने से पहले उसने मुंडेरवा नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण (एम.आर.एफ. सेंटर) के कर्मचारियों से भी विवाद किया था। दुर्घटना में शैलेंद्र का एक पैर तीन जगह से टूट गया, जबकि दिलीप का पैर भी फ्रैक्चर हो गया। पारसनाथ को हल्की चोटें आई हैं। टक्कर मारने के बाद चालक तेजी से कार लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक विद्युत पोल से टकरा गया। खुद को घिरा देख चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय सिंह अपने निजी वाहन से घायल कर्मचारियों को संत कबीर नगर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए हैं। इस दुर्घटना के संबंध में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह ने एक कर्मचारी को मुंडेरवा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया है।












































