
लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा चौराहे पर स्थित मां गौरी गैस एजेंसी पर पिछले एक सप्ताह से गैस की किल्लत बनी हुई है। गैस की कमी के कारण एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे क्षेत्र के लोग लगातार परेशान हैं। गैस लेने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं। कई उपभोक्ता रोजाना निराश होकर घर लौटने को मजबूर हैं। एजेंसी के लिए भी भीड़ को नियंत्रित करते हुए गैस वितरण करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। गैस लेने आए उपभोक्ता महेंद्र कुमार ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से लगातार गैस लेने आ रहे हैं, लेकिन गैस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज गैस मिल जाएगी, क्योंकि उन्हें सूचना मिली है कि गैस आ गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि गैस खत्म होने पर कई लोगों को अभी भी निराश होकर लौटना पड़ सकता है। एक अन्य उपभोक्ता कमलेश ने कहा कि वे सुबह से गैस लेने के लिए लाइन में खड़े हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि गैस की यह समस्या क्यों आ रही है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है, जिससे ग्रामीणों में अनिश्चितता बनी हुई है। उपभोक्ता रामनद ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि गैस की समस्या समझ से परे है। उन्होंने बताया कि गैस न होने के कारण घर में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। एजेंसी चालक विकास सिंह उर्फ मिंटू ने बताया कि उन्हें आगे से सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिसके कारण वितरण में समस्या आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही सिलेंडर उपलब्ध होते हैं, उनका लगातार वितरण किया जा रहा है।












































