
बस्ती जनपद के सदर विकास खंड स्थित मधुकरपुर गांव ने शनिवार को भारतीय टी-20 एशिया कप डेफ क्रिकेट टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच रविकांत भट्ट का स्वागत किया। राष्ट्रीय टीम में इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त होने के बाद रविकांत पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। ग्राम प्रधान सुखसागर उपाध्याय के नेतृत्व में युवाओं ने उन्हें कंधों पर उठाया और ढोल-नगाड़ों के साथ एक जुलूस निकाला, जो गांव के मुख्य मार्गों से गुजरा। मधुकरपुर गांव निवासी ओम प्रकाश भट्ट के पुत्र रविकांत की यह सफलता ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच मिली है। क्रिकेट के प्रति उनके समर्पण और खेल की बारीकियों की समझ ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए रविकांत भट्ट ने कहा कि मैदान केवल हार-जीत की जगह नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने अपनी सफलता को बस्ती के उन सभी खिलाड़ियों को समर्पित किया जो अभावों में भी बड़े सपने देखते हैं। ग्राम प्रधान सुखसागर उपाध्याय ने कहा कि रविकांत ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। इस अवसर पर राम बाहाल शर्मा, आशुतोष भट्ट, धीरज भट्ट, गणेश भट्ट, साकेत भट्ट, अंश भट्ट, नीरज भट्ट, विक्रम भट्ट, राजबहादुर राजभर, अमित राजभर और बनवारी राजभर सहित कई लोग उपस्थित थे।











































