
आज आर पी साइंस अकादमी भुवनपुर में पांचवीं जिला खो-खो चैंपियनशिप का उद्घाटन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला खो-खो संघ द्वारा किया जा रहा है। एपीजे अब्दुल कलाम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संस्थापक मोहम्मद शहजाद मुख्य अतिथि रहे, जबकि जनता इंटर कॉलेज पोखरा बाजार के शारीरिक शिक्षक प्रभाकर रंजन ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजित विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुधीर कुमार पांडे और प्रधानाचार्य अविनाश प्रजापति ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। जिला खो-खो संघ के सचिव राम सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सब-जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुल 45 टीमें इस चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि मोहम्मद शहजाद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। उद्घाटन मैच बी.आर.एस. एकेडमी गढ़हा गौतम और आर.पी. साइंस एकेडमी भुवनपुर के बीच खेला गया, जिसमें बी.आर.एस. एकेडमी विजयी रही। सीनियर बालिका वर्ग का पहला मैच जे.आर.सी. और पी.एस. स्पोर्ट्स के बीच हुआ, जिसमें पी.एस. स्पोर्ट्स ने जीत हासिल की। सब-जूनियर बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय निपानिया ने डी.आर.सी. हसीनाबाद को हराकर दूसरा मैच जीता। इस अवसर पर भावेश पांडे, अखिलेश सिंह, महंत राम वर्मा, राजेंद्र सिंह, सुनील सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, जयराम वर्मा, रणधीर सिंह, प्रेम कुमार वर्मा, कृष्ण गोपाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











































