
बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहार जंगल चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में कार में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, UP 51 BY 8175 नंबर की यह कार बिछिया से सल्टौआ की ओर जा रही थी, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए सल्टौआ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। इस दौरान, मौके पर पहुंचे समाजसेवी डीके धनंजय ने घायलों को अपने निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।










































