

बस्ती जिले की नगर पंचायत बभनान में यातायात अव्यवस्था के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। बभनान शुगर मिल के सामने मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम 6 बजे से घंटों तक भीषण जाम लगा रहा, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिल परिसर से गन्ना लादकर निकलने वाले ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अनियंत्रित आवाजाही जाम का मुख्य कारण बनी। सड़क संकरी होने और यातायात प्रबंधन के अभाव में अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्थानीय व्यापार भी प्रभावित होता है। जाम में एंबुलेंस के फंसने से स्थिति और गंभीर हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस को रास्ता देने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सवाल किया कि यदि किसी गंभीर मरीज की जान को खतरा होता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता। इस यातायात अव्यवस्था से स्कूली छात्र-छात्राएं भी प्रभावित हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचाना और वापस लाना मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी भी समय पर अपने कार्यस्थल नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि शुगर मिल प्रबंधन और प्रशासन के बीच तालमेल की कमी के कारण यह समस्या गंभीर हो गई है। क्षेत्र में न तो यातायात पुलिस की स्थायी तैनाती है और न ही भारी वाहनों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। नागरिकों ने सुझाव दिया है कि गन्ना परिवहन के लिए समयबद्ध योजना बनाई जाए और मिल गेट के पास यातायात नियंत्रण की ठोस व्यवस्था की जाए, तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। उन्होंने जल्द ही इस समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पिंटु गुप्ता, रमेश जयसवाल, अमर और साहिल सहित कई अन्य स्थानीय लोग मौके पर उपस्थित थे।






































